महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में लगातार तेज बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कुछ दिन पहले नांदेड़ जिले में हुई बादल फटने की घटना में आठ लोगों की मौत हो गई थी। जिले में लगातार बारिश जारी है और हसनाल गाँव का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा जलमग्न है। भारतीय सेना की एक टुकड़ी, राज्य आपदा प्रबंधन बल के साथ मिलकर बाढ़ राहत अभियान चला रही है। सेना परिवारों को सुरक्षित क्षेत्रों में स्थानांतरित करने में लगी हुई है। प्रभावित लोगों की सहायता के लिए चिकित्सा शिविर और भोजन वितरण केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।
मूसलाधार वर्षा से लातूर में लेंडी नदी, सतारा में कोयना और सांगली में कृष्णा नदी उफान पर है। सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी, धाराशिव और बुलढाणा जिलों में सामान्य जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है, क्योंकि नदियों के उफान और लगातार बारिश के बीच कई स्थानीय लोगों को स्थानांतरित किया गया है।
इस बीच, मुंबई में आज स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद रहे। सेंट्रल और हार्बर रूट का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूबा होने के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं भी बाधित रहीं। सेंट्रल और वेस्टर्न लाइनों पर लंबी दूरी की कई ट्रेनें रद्द कर दी गईं या उनके समय में फेरबदल किया गया।
मुंबई के पड़ोसी ठाणे और पालघर जिलों में भी जलभराव और नदियों के उफान पर होने की खबरें आईं, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।