फ़रवरी 24, 2026 8:21 पूर्वाह्न

printer

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बेमौसम वर्षा और ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान की आशंका

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के कई हिस्सों में कल बेमौसम वर्षा हुई। इससे खड़ी फसलों के नुकसान की आशंका बढ़ गई है। लातूर जिले में अहमदपुर, नीलांगा, औसा और उदगीर तालुकों में बारिश दर्ज की गई। रेनापुर तालुका के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इससे टिन की छतों वाले घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा और गेहूं, चना तथा ज्वार की फसलें प्रभावित हुईं। अधिकारियों ने किसानों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में और बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।

उदगीर तालुका के वैगांव गांव में खेत में काम करते समय बिजली गिरने से 60 वर्षीय किसान की मृत्यु हो गई। बीड जिले के अंबाजोगाई तालुका के मुडेगांव गांव में ओलावृष्टि से रबी की फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने नुकसान का आधिकारिक आकलन करने की मांग की है।

परभणी जिले में भी बेमौसम बारिश से रबी की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। इस बीच, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में मराठवाड़ा और विदर्भ में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश का अनुमान लगाया है।