जनवरी 28, 2026 2:22 अपराह्न

printer

महाराष्‍ट्र के उप-मुख्‍यमंत्री अजित पवार और चार अन्‍य लोगों के विमान हादसे में मारे जाने की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्‍यूरो करेगा

महाराष्‍ट्र के उप-मुख्‍यमंत्री अजित पवार और चार अन्‍य लोगों के विमान हादसे में मारे जाने की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्‍यूरो करेगा। ब्‍यूरो के महानिदेशक जांच के लिए दुर्घटना स्‍थल पर पहुंच रहे हैं। नागर विमानन मंत्रालय के सूत्रों ने बताया है कि जांच ब्‍यूरो की टीम दिल्‍ली से पुणे के लिए रवाना हो गई है और बारामती में जाकर दुर्घटना के कारणों की जांच करेगी।

नागर विमानन मंत्रालय ने बताया कि विमान वीटी-एसएसके ने सुबह 8 बजकर 18 मिनट पर बारामती से पहला संपर्क स्थापित किया। मंत्रालय के अनुसार, विमान ने हवाई अड्डे के रनवे 11 पर उतरने की अंतिम तैयारी की सूचना दी, लेकिन रनवे दिखाई न देने के कारण पहले प्रयास में गो-अराउंड किया गया अर्थात लैंडिग न करके पुन: उड़ान भरी गई।

गो-अराउंड के बाद एटीसी ने विमान से उसकी स्थिति के बारे में जानकारी मांगी, जिस पर पायलट ने बताया कि रनवे अब भी दिखाई नहीं दे रहा है और रनवे दिखने पर सूचना दी जाएगी। मंत्रालय ने बताया कि सुबह 8 बजकर 43 मिनट पर विमान को रनवे 11 पर उतरने की अनुमति दी गई, लेकिन विमान की ओर से लैंडिंग की पुष्टि नहीं मिली। इसके एक मिनट बाद, 8 बजकर 44 मिनट पर एटीसी ने रनवे 11 के पास आग की लपटें देखीं। इसके तुरंत बाद आपातकालीन सेवाएं दुर्घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।