नवम्बर 21, 2024 7:43 पूर्वाह्न

printer

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण हुआ संपन्न

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि महाराष्ट्र में 65.02 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि झारखंड में 68.45 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों राज्यों में मतदान ने 2019 के चुनावों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में राज्य में सबसे अधिक 76.25 प्रतिशत मतदान हुआ।

 

झारखंड के जामताड़ा जिले में सबसे अधिक 77 दशमलव दो-नौ प्रतिशत मतदान हुआ। महाराष्ट्र के सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों में कल एक ही चरण में मतदान हुआ, जबकि झारखंड के 38 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण का मतदान हुआ। आयोग ने कहा कि मतदान को आसान बनाने के लिए कई तरह के उपायों और प्रेरक अभियानों के बावजूद, महाराष्ट्र के शहरी मतदाताओं ने मुंबई, पुणे और ठाणे जैसे शहरों में कम भागीदारी का निराशाजनक रिकॉर्ड जारी रखा।

 

निर्वाचन आयोग ने बताया कि 4 राज्यों के 15 विधानसभा क्षेत्रों और महाराष्ट्र के एक संसदीय क्षेत्र में उपचुनाव भी हुआ। आयोग ने उत्‍तर प्रदेश में कुछ विधानसभा क्षेत्रों में मनमाने ढंग से जांच करने और लोगों को मतदान करने से रोकने की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए, जांच के बाद मानदंडों और दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के लिए मुरादाबाद, कानपुर और मुजफ्फरनगर में पुलिस कर्मियों को निलंबित करने का आदेश दिया।