महात्मा गांधी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केन्द्रित एक विशेष प्रदर्शनी का कल शुभारंभ किया जाएगा। “जर्नी ऑफ द महात्मा : थ्रू हिज ओन डॉक्यूमेंट्स” विषय पर आधारित इस प्रदर्शनी का आयोजन नई दिल्ली के राजघाट स्थित राष्ट्रीय गांधी संग्रहालय में किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में महात्मा गांधी की दुर्लभ तस्वीरों, आधिकारिक दस्तावेजों, ऑडियो रिकॉर्डिंग, वीडियो क्लिपिंग और व्यक्तिगत पत्राचार का संयोजन किया गया है। इसमें महात्मा की जीवन यात्रा और महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रदर्शित करने वाले 30 पैनल शामिल हैं।
इनमें इंग्लैंड में उनकी शिक्षा, दक्षिण अफ्रीका में उनके प्रारंभिक वर्ष और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण दौरान उनका नेतृत्व शामिल है। संस्कृति मंत्रालय ने बताया है कि यह प्रदर्शनी राष्ट्रीय अभिलेखागार का एक समृद्ध संग्रह है जो महात्मा गांधी के अहिंसा, न्याय और शांति के दर्शन को प्रदर्शित करता है। मंत्रालय ने कहा कि सामाजिक न्याय, सांप्रदायिक सद्भाव और अस्पृश्यता उन्मूलन के लिए गांधी जी के योगदान के साथ-साथ विभाजन के दौरान शांति बनाए रखने के उनके अंतिम प्रयासों और आजादी के बाद उनकी स्थायी विरासत पर भी प्रकाश डाला जाएगा। यह प्रदर्शनी प्रसार भारती अभिलेखागार और भारत के राष्ट्रीय फिल्म अभिलेखागार के सहयोग से भारत के राष्ट्रीय अभिलेखागार और राष्ट्रीय गांधी संग्रहालय द्वारा आयोजित की जा रही है। इसका उद्घाटन राष्ट्रीय गांधी संग्रहालय की अध्यक्ष और महात्मा गांधी की पोती तारा गांधी भट्टाचार्य करेंगी।