अप्रैल 16, 2024 7:14 अपराह्न

printer

महाअष्टमी के दिन महागौरी के दर्शनों के लिए मंदिरों में लगा श्रद्धालुओं का तांता

चैत्र नवरात्र के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के सभी शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन मंदिरों में शीश नवा रहे हैं। आठवें नवरात्र के मौके पर शिमला के काली बाड़ी मंदिर में लोगों की भीड़ उमड़ी। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने भी अष्टमी के मौक़े पर काली बाड़ी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। इस दौरान उनके साथ लेडी गवर्नर भी मौजूद रही।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को दुर्गा अष्टमी की शुभकामनाएं दी और राज्य की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि यह त्योहार हम सभी को सत्य के पथ पर चलने और बुराइयों पर विजय प्राप्त करने का संदेश देता है। इस पावन अवसर पर राजभवन में फलाहार ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि ये देवियों के पूजन का समय होता है।पहले बेटियों की भ्रूण हत्या कर दी जाती थी, लेकिन आज देश ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संकल्प लिया है, बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे हैं।देवी ही महागौरी सरस्वती और महालक्ष्मी हैं। उन्होंने कहा कि भारत से जो शक्तियां चलती हैं वो वसुदेव कटुम्बकम के नाम से विश्व की रक्षा करें।