लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि आज सवेरे मध्य बेरूत में दो इस्राइली हमलों में छह लोग मारे गए और 24 घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मलबे से शव बरामद किए गए हैं, जिनकी पहचान डीएनए जांच से की जाएगी। ये हमले घनी आबादी वाले इलाकों में बिना किसी पूर्व सूचना के किए गए।
स्थानीय मीडिया ने बताया कि एक हमला सरकारी इमारतों और विदेशी दूतावासों के पास स्थित ज़ुकाक अल-ब्लात जिले के एक अपार्टमेंट पर हुआ। कुछ दिन पहले इसी इलाके में इस्राएल ने हिज़्बुल्लाह से जुड़े अल-कर्ज़ अल-हसन वित्तीय संस्थान की एक शाखा को निशाना बनाया था। हालांकि हमले से पहले लोगों को इलाका खाली करने की चेतावनी दी गई थी। एक अन्य हमला बास्ता इलाके में हुआ, जिसे 2024 में इस्राएल और हिज़्बुल्लाह के बीच हुए संघर्ष के दौरान भी निशाना बनाया गया था।
एक अन्य घटना में, इस्राएली बलों ने मध्य बेरूत में एक 15 मंजिला रिहायशी इमारत को इस दावे के साथ ध्वस्त कर दिया कि हिज़्बुल्लाह तहखाने में धन जमा कर रहा था। इस हमले से पहले भी चेतावनी दी गई थी। शहर के मध्य भागों में रात भर में चार हमले किए गए, जिनमें से कई रिहायशी इलाकों में किए गए।
इस बीच, इस्राएल में तेल अवीव के पास ईरानी मिसाइल हमले में दो लोग मारे गए। आपात बचाव दल ने पुष्टि की कि ये मौतें रमात गान में हुईं। सुरक्षा सेवाओं ने कई प्रभावित स्थलों की सूचना दी, जिससे इस्राएल पर ईरानी मिसाइल हमलों में मारे गए लोगों की कुल संख्या 14 हो गई है।
अमरीका ने भी अपनी सैन्य गतिविधियां बढा दी हैं और होर्मुज़ जल डमरू मध्य के पास ईरानी मिसाइल प्रतिष्ठानों पर हमले की घोषणा की है।