प्रदेश में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व कल देर रात तक मंदिरों में मनाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रात्रि में उज्जैन के गोपाल मंदिर पहुंचकर द्वारकाधीश भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। दर्शन के बाद उन्होंने शहर सहित प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी। राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेश नाथ जी महाराज, सहित अन्य गणमान्य नागरिक तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप कृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास एवं उमंग से मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री कृष्ण मित्रविंदा मंदिर भी गए, भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि पहुंचकर मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर आयोजित महाआरती में भी शामिल हुए। जन्माष्टमी का पर्व भोपाल केंद्रीय जेल में भी मनाया गया जिसमें मुख्यमंत्री शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जेल में 4 नई बैरक के भूमि-पूजन सहित प्रदेश की विभिन्न जेलों में विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें उप जेल तराना, केंद्रीय जेल नर्मदापुरम और उप जेल डबरा, केंद्रीय जेल नरसिंहपुर के विकास कार्य शामिल है। जिला जेल पन्ना में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया गया। यहां झांकी का आयोजन भी किया गया। बंदियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।
Site Admin | अगस्त 27, 2024 10:48 पूर्वाह्न
मध्य प्रदेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
