प्रदेश में तीसरे चरण का मतदान 7 मई को होगा। इसमें बैतूल, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों पर 5 मई को चुनाव प्रचार थमने से पहले सभी राजनीतिक दल प्रचार में पूरा जोर लगा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज ग्वालियर में पार्टी प्रत्याशी भारत सिंह के समर्थन में जन सभा को संबोधित किया, वहीं केंद्रीय मंत्री और गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 65 साल सत्ता में रहने के बाद भी कांग्रेस कुछ नहीं कर पाई। 10 साल में मोदी जी ने देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है। राजगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के समर्थन में पार्टी नेता दीपक जोशी ने वोट करने की अपील की।
इसके पूर्व भोपाल लोकसभा क्षेत्र की सातो विधानसभाओं में 85 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं से घर से वोट डालने की सुविधा दी जा रही है। इनके मतदान के लिए 26 एवं 27 अप्रैल को मतदान की व्यवस्था की गई। कुल 1665 वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग मतदाताओं ने मतदान किया। संसदीय सीट गुना एवं राजगढ़ से संबंधित विधानसभाओं के लिए 07 मई को मतदान होना है। इसके पूर्व 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाता जिन्होंने घर से डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान करने की सहमति दी है, उनका मतदान डाक मतपत्र के माध्यम से होम वोटिंग द्वारा आज से प्रारम्भ कराया जा रहा है। जिले की चारों विधानसभाओं के ऐसे कुल 521 मतदाताओं का मतदान डाक मतपत्र के माध्यम से गठित मतदान दलों द्वारा दो चरणों में घर जाकर कराया जायेगा।