सागर मेडिकल कॉलेज का नाम अब “आचार्य विद्यासागर मेडिकल कॉलेज” होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कल इसकी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में जैन कल्याण बोर्ड का गठन भी किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता से जैन मुनियों को उनके विहार के दौरान नगरीय क्षेत्र या ग्रामीण क्षेत्र में भवन की आवश्यकता होने पर नि:शुल्क भवन सुविधा उपलब्ध करायेगी। डॉ. यादव मुख्यमंत्री निवास में आयोजित क्षमावाणी महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जैन धर्म और संस्कृति का गौरवशाली इतिहास है।
देश-प्रदेश के साथ उज्जैन भी जैन धर्म को हजारों सालों से मानने वाली नगरी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अगले महिने नीमच, मंदसौर और सिवनी में मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण होगा। डॉ. यादव ने कहा कि कोई भी देश उन्नति, प्रगति करता है और सक्षम बनता है तो अपनी संस्कृति का दूसरों पर भी प्रभाव डालना चाहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खुले में मांस की बिक्री पर रोक लगाई है। उन्होंने कहा कि सरकार गौशालाओं, गाय को पालने के लिए प्रोत्साहन देगी वहीं दूध बिक्री पर बोनस देने का निर्णय भी लिया गया है।