छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के तहत मतदाताओं को जागरूक करने के लिए इन दिनों विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज धमतरी में कलेक्टारेट परिसर से साइकिल रैली निकाली गई।
महासमुन्द लोकसभा क्षेत्र में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्राओं द्वारा दीवारों पर प्रेरक नारे लिखे जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आसानी से मतदान का महत्व समझाने के लिए कहीं-कहीं छत्तीसगढ़ी भाषा में भी नारे लिखे गए हैं। जिले में तृतीय लिंग समुदाय के मतदाताओं को भी अधिक से अधिक संख्या में मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
उधर, सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के दानसरा और बरमकेला गांवों में आज मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। वहीं, बरमकेला जनपद क्षेत्र के पिहरा, डुमरपाली और गोबरसिंघा गांवों में तालाब गहरीकरण के कार्य में लगे श्रमिकों को मतदान करने के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई।
वहीं, मुंगेली जिले के उन मतदाताओं को वीडियो कॉल के जरिए लोकसभा चुनाव में वोट डालने के लिए प्रेरित किया गया, जो इस समय रोजगार के तलाश में प्रदेश के बाहर गए हुए हैं।
इसी जिले में आज वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और उभयलिंगी वर्ग को मतदान करने के लिए जागरूक किया गया। जिले में स्वीप कार्यक्रम के तहत जिले में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस बीच, दुर्ग जिले के भिलाई स्थित कला मंदिर परिसर में आज जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कलेक्टर ने की विभिन्न संस्थाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा लगाई गई कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने युवा मतदाताओं को विशेष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।