प्रदेश में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही है। डिंडोरी जिले में 85 प्रतिशत मतदान लक्ष्य की प्राप्ति के लिए स्वीप प्लान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी विकास मिश्रा ने ईद हैंपर की पहल की है। इसके तहत राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ने ईद के अवसर पर ईद हेम्पर तैयार किया है। जिसमें ईद से संबंधित उपहार जैसे सेवैया, खजूर, लड्डू आदि आवश्यक सामग्री शामिल हैं। मंदसौर में जिला निर्वाचन अधिकारी दिलीप कुमार यादव ने वार्ड नंबर 10 मतदान केंद्र 2 से हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। इसके पश्चात कलेक्टर ने मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, रैली का समापन संजय गांधी उद्यान में हुआ। अशोकनगर नगरपालिका द्वारा संजय स्टेडियम में मतदाताओं को मतदान का संदेश देने हेतु रंगोली के माध्यम से भारत का मानचित्र बनाया गया एवं वोट करेगा अशोक नगर की थीम पर मानव श्रृंखला बनाई गई। झाबुआ में विकासखंड थांदला में मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत चुनावी चौपाल आयोजित की गई। इंदौर जिले की ग्राम पंचायत काँकरिया बोर्डिया सांवेर में मानव श्रृंखला बना कर मतदाताओं को जागरूक किया गया। निवाड़ी के ग्राम वरवाहा में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा एक जन जागरूक रैली का आयोजन किया गया। रायसेन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद दुबे द्वारा जिले में भ्रमण कर स्वतंत्र, निष्पक्ष चुनाव के लिए की जा रही कार्यवाहियों, गतिविधियों का सतत् निरीक्षण किया। बैतूल में शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान संस्था में सेल्फी एवं हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक मतदान किए जाने प्रेरित किया गया। गुना में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सतेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा द्वारा कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
Site Admin | अप्रैल 4, 2024 3:02 अपराह्न
मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईद हैंपर की पहल की