लोकसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं को जागरूक करने के लिए छत्तीसगढ़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज रायपुर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर गौरव सिंह के नेतृत्व में बाईक रैली निकाली गई। बाईक रैली को छत्तीसगढ़ लोक आयोग के प्रमुख लोकायुक्त जस्टिस टी.पी शर्मा ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नुक्कड़-नाटक का आयोजन भी किया गया। वहीं, मुंगेली जिले के खेढ़ा, चिरौंटी, बोधापारा, झाफल सहित विभिन्न गांवों में स्वीप कार्यक्रम के तहत लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया। इसी जिले के दुल्लापुर-सोनपुरी और भीमपुरी गांव में मनरेगा कार्यस्थल पर काम करने वाले श्रमिकों को मतदान के लिए जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। स्वीप कार्यक्रम के तहत दुर्ग-भिलाई में ‘‘भिलाई रन्स फॉर वोट’’ मैराथन का आयोजन किया गया। यह दौड़ सेक्टर-नौ चौक से शुरू होकर ग्लोब चौक में संपन्न हुई।
राजनांदगांव जिले के ग्राम सुरगी में कृषि और सहकारिता विभाग द्वारा स्वीप संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
वहीं, बिलासपुर जिले में लाखासार, कोटा, जांजी, लोखंडी, बहतराई और जूनापारा हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगां को मतदान के लिए प्रेरित किया। उधर, कोंडागांव जिले की सभी जनपद पंचायतों में मतदाता जागरूकता पर केंद्रित मेहंदी, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले की महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इसी जिले में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा भी रैली निकालकर और मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।