मण्डी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि जन जातीय क्षेत्रों के विकास में कांग्रेस का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि रोहतांग सुरंग का निर्माण इस क्षेत्र के लिये कांग्रेस की बहुत बड़ी देन है। भाजपा का इसमें कोई भी योगदान नही है सिवाए इसके की उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया। तत्कालीन यूपीए सरकार के प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने इस के लिये बजट दिया और इसका शिलान्यास तत्कालीन यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस ऐतिहासिक टनल का शिलान्यास किया था।
आज लाहौल स्पीति जिला के उदयपुर में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व.वीरभद्र सिंह का जनजातीय क्षेत्रों से बहुत ही लगाव था। वह इस क्षेत्र के लोगों समस्याओं से भली भांति परिचित थे और समय समय पर उन्हें दूर करते थे। आज इस क्षेत्र में जितना भी विकास हुआ है वह सब वीरभद्र सिंह की देन रहा है क्योंकि उन्होंने प्रदेश में मुख्यमंत्री के तौर पर छह बार कांग्रेस सरकार का नेतृत्व किया।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में 9 तोड़ वन अधिकार अधिनियम , एफ आर ए प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पारित कर दिया है और यह अभी प्रदेश के राज्यपाल के पास स्वीकृति के लिए लंबित पड़ा है। उन्होंने कहा चूंकि इस अधिनियम को प्रदेश सरकार की कैविनेट ने पारित किया है इसलिए राज्यपाल को इसको अपनी मंजूरी देनी ही पड़ेगी। यह जनजातीय क्षेत्रों के लोगों का अधिकार है जिसे कांग्रेस बहाल किया है।