अक्टूबर 28, 2024 1:43 अपराह्न

printer

भ्रष्टाचार मुक्त समाज के लिए आज से शुरू हो रहा सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2024

सार्वजनिक जीवन में सत्‍यनिष्‍ठा को बढ़ावा देने और भ्रष्‍टाचार मुक्‍त समाज का लक्ष्‍य हासिल करने के लिए आज से पूरे देश में सतर्कता जागरूकता सप्‍ताह 2024 मनाया जा रहा है। इस सप्‍ताह का विषय है- राष्‍ट्र की समृद्धि के लिए सत्‍यनिष्‍ठा की संस्‍कृति। यह सप्‍ताह शासन और जन प्रशासन में पारदर्शिता और नीति की आवश्‍यकता को लेकर व्‍यापक संवेदनशीलता सृजित करने के लिए मनाया जाता है। इस सप्‍ताह की शुरूआत मंत्रालयों, विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, बैंकों और अन्‍य सभी संस्‍थानों के कर्मचारियों के शपथ ग्रहण के साथ हुई।

   

इस सप्‍ताह के दौरान भ्रष्‍ट कार्यप्रणालियों के विरूद्ध जागरूकता का प्रसार करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। भारत रत्‍न सरदार वल्‍लभ भाई पटेल की जयंती सप्‍ताह के स्‍मरण में प्रत्‍येक वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्‍ताह मनाया जाता है।

   

केन्‍द्रीय सतर्कता आयोग-सी वी सी के आयुक्‍त प्रवीण कुमार श्रीवास्‍तव और सतर्कता आयुक्‍त ए एस राजीव ने नई दिल्‍ली के सी वी सी मुख्‍यालय में अधिकारियों को शपथ दिलाई। आयोग ने नीतियों और सत्‍यनिष्‍ठा के महत्‍व के संबंध में व्‍यापक जागरूकता सृजित करने और सभी हितधारकों को इसमें शामिल करके सार्वजनिक जीवन में सत्‍यनिष्‍ठा को बढावा देने के प्रति सतर्कता जागरूकता सप्‍ताह की प्रतिबद्धता की पुष्टि का उल्‍लेख किया।

   

इस बीच, राष्‍ट्रीय राजधानी के आकाशवाणी भवन में सतर्कता जागरूकता सप्‍ताह के अवसर पर आकाशवाणी की महानिदेशक डॉक्‍टर प्रज्ञा पालीवाल गौड ने अधिकारियों को सत्‍यनिष्‍ठा की शपथ दिलाई।

 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला