रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने कल गुजरात के भुज में, सशस्त्र बलों के संयुक्त समन्वय, अवसंरचना विकास और क्षमता निर्माण संबंधी पहलों का निरीक्षण किया। उन्होंने दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ और कोणार्क कोर के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत भी की।
श्री सिंह को भारतीय सेना को तकनीकी रूप से उन्नत बनाने, बहु-क्षेत्रीय अभियानों को अंजाम देने और युद्ध की स्थिति में तैयारी से जुड़ी पहलों की जानकारी दी गई।
रक्षा सचिव ने संयुक्त नियंत्रण केंद्र का भी दौरा किया। इसका संचालन तीनों सेनाएं, भारतीय तटरक्षक बल, सीमा सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से करती हैं। उन्होंने बहु-एजेंसी क्षमता अभ्यास तटरक्षा का भी अवलोकन किया।
इसमें उचित निगरानी, सटीक हमले, संयुक्त रसद और उभरते समुद्री तथा सीमावर्ती खतरों से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई क्षमताओं का प्रदर्शन किया गया। श्री सिंह ने सीमा-क्षेत्र में राष्ट्रीय गौरव और एकता के प्रतीक स्मारक ध्वज का उद्घाटन किया। उन्होंने नई पीढ़ी की हथियार प्रणालियों के व्यापक संचालन का भी अवलोकन किया।