मौसम विभाग ने देश के दक्षिणी भाग में अगले तीन दिन तक तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। दक्षिणी प्रायद्वीपीय इलाकों में अगले 5 दिन तक तेज वर्षा जारी रहने की संभावना है। इस महीने की 21 तारीख तक तमिलनाडु और केरल में अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है। अगले 48 घंटों के दौरान मॉनसून के दक्षिण अंडमान सागर, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और निकोबार द्वीप समूह की ओर बढ़ने की संभावना है।
विभाग ने आज और कल के लिए पत्तनमतिट्टा, कोट्टायम और इडुक्की जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलाप्पुझा और एर्नाकुलम जिलों में ऑरेंज अलर्ट और त्रिशूर, पालक्काड़, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।