मौसम विभाग ने भीषण गर्मी के कारण कल उत्तर-पश्चिम, उत्तर और पूर्वी भारत में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों तक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में गंभीर लू की स्थिति बनी रहेगी। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. आरके जेनामनी ने कहा कि आने वाले दिनों में इन क्षेत्रों में औसत तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की उम्मीद है।
इस बीच, मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के दौरान उत्तर-पूर्व भारत और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले पांच दिनों के दौरान गोवा और महाराष्ट्र में गरज के साथ बिजली और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाओं के साथ बारिश होगी। अगले 5 दिनों के दौरान कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इसी तरह की मौसम की स्थिति जारी रहेगी।