चक्रवाती तूफान दाना अब उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल तटों की ओर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात कल आधी रात के लगभग भितरकणिका राष्ट्रीय उद्यान और धामरा बंदरगाह के बीच ओडिशा तट से टकराया़। भुवनेश्वर मौसम कार्यलय के अनुसार इस दौरान हवाओं की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंच गई। कमजोर पड़ने के तीन से चार घंटे पहले तक इसकी सघनता बनी रही।
इसके असर से केन्द्रपाडा और भद्रक जिलों में तेज बारिश हुई। मयूरभंज, कटक, जाजपुर, बालेश्वर और जगतसिंहपुर जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में भी तेज वर्षा हो रही है।
प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपाय किये गए हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन मांझी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।