विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा है कि भाषा संस्कृति को जीवंत रखती है और हमारा उद्देश्य हिंदी भाषा के माध्यम से देश की संस्कृति और समृद्ध विरासत का प्रसार करना है। विश्व हिंदी दिवस से पहले आज विदेश मंत्रालय के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि विदेश मंत्रालय भारतीय प्रवासियों को हिंदी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद विश्व स्तर पर हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। श्री कीर्ति वर्धन सिंह कहा कि सौ से अधिक देशों में लगभग 770 संस्थान हिंदी भाषा का शिक्षण करते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पढ़ा गया जिसमें उन्होंने इस दिन को मनाने के लिए विश्व भर में आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय हिंदी भाषा के राजदूत हैं।
Site Admin | जनवरी 9, 2026 7:02 अपराह्न
भाषा संस्कृति को जीवंत रखती है, हमारा लक्ष्य हिंदी के माध्यम से देश की संस्कृति का प्रसार करना है: विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह