गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। आज गुजरात के अहमदाबाद में विश्व उमिया धाम में युवा व्यापार बैठक को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि देश का सकल घरेलू उत्पाद 4 खरब 19 अरब डॉलर तक पहुंच गया है और जल्द ही भारत पांच खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में दुनिया का 50 प्रतिशत डिजिटल वित्तीय लेनदेन भारत में हुआ। श्री शाह अहमदाबाद के गोधावी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम नमोत्सव में भी शामिल हुए।
इससे पहले, अहमदाबाद में भारतीय चिकित्सा संघ द्वारा आयोजित आई.एम.ए. नेटकॉन 2025 को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि देश में स्वास्थ्य ढांचे का निर्माण समग्र दृष्टिकोण के साथ किया जा रहा है। श्री शाह ने मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की उपस्थिति में नवा वंजार में 330 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और नवा वंजार गांव के पुनर्वासित निवासियों को प्रमाण पत्र वितरित किये।