महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति भूषण आर. गवई ने आज नवी मुंबई के तलोजा में भारत के पहले ‘भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आम्बेडकर एडवोकेट ट्रेनिंग एंड रिसर्च सेंटर‘-बीबीएटीआरसी का उद्घाटन किया। इस केंद्र की स्थापना महाराष्ट्र और गोवा बार काउंसिल द्वारा की गई है।
इस अवसर पर श्री फडणवीस ने कहा कि यह कानूनी पेशे को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि यह अकादमी कानूनी शिक्षा और व्यावहारिक अदालत अभ्यास के बीच की खाई को पाटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। श्री फडणवीस ने कहा कि भवन की गुणवत्ता और समय पर पूरा होना दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की कार्य संस्कृति को दर्शाता है। श्री फडणवीस ने उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर ने की। इस अवसर पर मेघालय उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रेवती मोहिते-डेरे, भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अनिल सी. सिंह, महाराष्ट्र के महाधिवक्ता डॉ. मिलिंद साठे और गोवा के महाधिवक्ता देवीदास पंगम भी उपस्थित थे।