वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा है कि उभरते भू-राजनीतिक और भू-आर्थिक परिवेश में भारत और यूरोपीय संघ के बीच संबंध पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं। श्री प्रसाद संयुक्त समिति की 19वीं बैठक में भाग लेने के लिए रोमानिया की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यात्रा के दौरान, श्री प्रसाद ने रोमानिया के श्रम, परिवार, युवा और सामाजिक एकजुटता मंत्री पेट्रे-फ्लोरिन मनोले के साथ कौशल-आधारित गतिशीलता पर चर्चा की। इस दौरान, मंत्रियों ने कुशल पेशेवरों के सुरक्षित, व्यवस्थित, नियमित और ज़िम्मेदार प्रवास को बढ़ावा देने के लिए भारत और रोमानिया के बीच एक मज़बूत साझेदारी बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, थिंक टैंक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इसका उद्देश्य कौशल विकास को बढ़ावा देना और भावी पीढ़ियों में निवेश को बढ़ावा देना है।
Site Admin | नवम्बर 3, 2025 9:23 अपराह्न
भारत–यूरोपीय संघ संबंध पहले से अधिक महत्वपूर्ण: उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद