भारत-म्यांमा संयुक्त व्यापार समिति की 9वीं बैठक आज म्यांमा के नेपीडॉ में आयोजित की गई। बैठक की सह-अध्यक्षता म्यांमा के उप वाणिज्य मंत्री यू मिन मिन और भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नितिन कुमार यादव ने की।
समिति ने संपर्क, व्यापार सुगमता, सीमा अवसंरचना, सीमा व्यापार चौकियों को पुनः खोलने और आसियान-भारत व्यापार समझौते के कार्यान्वयन सहित प्रमुख मुद्दों की समीक्षा की। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि चर्चा में रुपया-क्यात व्यापार तंत्र को बढ़ावा देने और वस्त्र, परिवहन, लघु और मध्यम उद्यम, सूचना और संचार प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स तथा कृषि जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।
भारत ने तामू-मोरेह और रि-ज़ोखावथर सीमा व्यापार चौकियों को शीघ्र पुनः खोलने और तामू में एक एकीकृत चेक पोस्ट के विकास पर जोर दिया। दोनों पक्ष 2030 तक आपसी व्यापार 5 अरब डॉलर तक करने पर सहमत हुए। संयुक्त व्यापार समिति की अगली बैठक नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी।