प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत, मॉलदीव के विकास और समृद्धि के हर कदम पर उसके साथ रहेगा। राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू के साथ एक संयुक्त वक्तव्य में, श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच मित्रता सदैव मज़बूत और स्पष्ट रहेगी। उन्होंने कहा कि रक्षा और सुरक्षा में आपसी सहयोग दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि एक साझा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन में दोनों देश क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने अपनी आर्थिक साझेदारी बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आपसी निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए एक द्विपक्षीय निवेश संधि को शीघ्र ही अंतिम रूप दिया जाएगा।
मॉलदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने ऋण सहायता प्रदान करने के लिए भारत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस ऋण सहायता का उपयोग रक्षा, बंदरगाह, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और आवास सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा।
राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू ने कहा कि भारत स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में मॉलदीव का प्रमुख साझेदार है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मॉलदीव भारत के साथ सहयोग को और मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।