पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा है कि भारत ने आर्द्रभूमि संरक्षण में महत्वपूर्ण प्रगति की है। रामसर स्थलों की संख्या 2014 में 26 से बढ़कर अब 98 हो गई है। नई दिल्ली में विश्व आर्द्रभूमि दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम में श्री सिंह ने कहा कि आर्द्रभूमि न केवल पारिस्थितिक संपदा हैं, बल्कि पारंपरिक ज्ञान का स्रोत भी हैं। उन्होंने आर्द्रभूमि इकोसिस्टम को बनाए रखने और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने में पारंपरिक ज्ञान की भूमिका को रेखांकित किया।
श्री सिंह ने बिहार, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित 6 राज्यों को नए रामसर स्थलों के लिए सम्मानित किया। आर्द्रभूमि मित्रों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने आर्द्रभूमि संरक्षण और प्रबंधन में उनके प्रयासों की सराहना की।