रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत में बुनियादी ढांचे और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों में अभूतपूर्व परिवर्तन आ रहा है और यह क्षेत्र देश के आर्थिक विकास की मज़बूत नींव रख रहा है। श्री सिंह ने यह बात आज वडोदरा में गति शक्ति विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह को वर्चुअली संबोधित करते हुए कही।
लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को 21वीं शताब्दी के भारत के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताते हुए, श्री सिंह ने कहा कि इसमें युवाओं के लिए अपार अवसर हैं। रक्षा मंत्री ने बताया कि मल्टीमॉडल परिवहन केंद्रों के निर्माण और मिशन मोड योजनाओं के कार्यान्वयन जैसी परियोजनाओं के कारण लॉजिस्टिक्स लागत में काफी कमी आई है और डेटा-आधारित निर्णय लेने को बढ़ावा मिला है।
इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पिछले 11 वर्षों में रेलवे में हुए बदलावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रेल नेटवर्क का विस्तार पांच हजार तीन सौ किलोमीटर तक हो गया है और 368 किलोमीटर तक सुरंग निर्माण हो गया है। श्री वैष्णव ने स्नातक छात्रों को भारत की विकास यात्रा में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया और इस क्षेत्र में नवाचार के महत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने युवाओं को “विकास के इंजन” बताया और उनसे 2047 तक एक विकसित भारत के विजन में सहयोग करने का आग्रह किया।
दीक्षांत समारोह में कुल 194 विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में डिग्रियां प्रदान की गईं। प्रत्येक पाठ्यक्रम के एक विद्यार्थी को शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया, साथ ही उत्कृष्ट परियोजना और सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी पुरस्कार भी प्रदान किए गए।