भारत में पिछले साल नए वाहन पंजीकरणों में इलेक्ट्रिक वाहन बाजार का हिस्सा 8 प्रतिशत रहा। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 23 लाख यूनिट तक पहुंच गई। वाहन पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री में 12 लाख 80 हजार यूनिट के साथ सबसे अधिक वृद्धि देखी गई। यह कुल बिक्री का 57 प्रतिशत थी। वहीं, इलेक्ट्रिक तीनपहिया वाहनों की बिक्री 8 लाख यूनिट रही, जो कुल बिक्री का 35 प्रतिशत है।
इलेक्ट्रिक चारपहिया वाहनों की बिक्री 1 लाख 75 हजार यूनिट रही, जिसमें छोटे और हल्के वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक मालवाहक वाहनों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। उत्तर प्रदेश 4 लाख से अधिक यूनिट के साथ सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक वाहन बाजार बनकर उभरा। इसके बाद महाराष्ट्र और कर्नाटक का स्थान रहा।