नवम्बर 14, 2025 8:54 अपराह्न

printer

भारत मंडपम में शुरू हुआ 44 वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आज से 44 वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला शुरू हो गया है। उद्योग और इंडस्ट्री राज्‍यमंत्री जितेंद्र प्रसाद ने मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि व्यापार मेला भारत के विकास, नवाचार और विकसित तथा आत्मनिर्भर भविष्य के लिए राष्ट्र की आकांक्षा को दर्शाता है।

 

इस वर्ष मेले की थीम- “एक भारत – श्रेष्ठ भारत” है। इस बार मेले में बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर-प्रदेश भागीदार राज्य हैं। वहीं, मेले का विशेष राज्य झारखंड है। इस मेले में देश के सभी राज्यों सहित 60 से अधिक मंत्रालय शामिल होंगे।

   

वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी मेला परिसर में दिल्ली पवेलियन’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली पवेलियन इस वर्ष भी नवाचार, महिला-शक्ति और स्थानीय उद्यमिता की चमक को प्रदर्शित कर रहा है। इसके अलावा, मेले के पहले दिन आज कोयला एवं खनन मंत्रालय, ऊर्जा मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय के पवेलियनों का भी उद्घाटन किया गया। साथ ही, मेले में विशेष रूप से जीएसटी का पवेलियन बनाया गया है।

 

14 दिवसीय इस मेले में संयुक्त अरब अमीरात, चीन, ईरान, दक्षिण कोरिया और मिस्र सहित 12 देश हिस्सा ले रहे हैं। यह व्यापार मेला घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को एक प्रमुख मंच प्रदान करता है। जिसमें व्यापार-से-व्यवसाय और व्यवसाय-से-उपभोक्ता जुड़ाव को बढ़ावा दिया जाता है। मेले में आगंतुकों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है। किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति से निपटने के लिए मेला परिसर में प्राथमिक चिकित्सा बूथ स्थापित किये गए हैं और तत्काल सहायता के लिए एम्बुलेंस भी तैनात की गयी हैं।

 

मेले के शुरुआती पांच दिन व्यापार श्रेणी के लिए आरक्षित रखे गए हैं। वहीं, आम जनता के लिए यह मेला 19 तारीख से खुलेगा। मेले में टिकट की दर पिछले वर्ष की तरह व्यावसायिक दिनों के दौरान पांच सौ रुपये निर्धारित की गई है। सामान्य दिनों में टिकट की दर वयस्कों के लिए 80 रुपये और बच्चों के लिए 40 रुपये तय की गयी है। वहीं छुट्टी वाले दिन, वयस्कों के लिए टिकट की दर 150 रुपये और बच्चों के लिए 60 रुपये है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए मेले में  प्रवेश  निःशुल्क है।

   

आगंतुक आईटीपीओ की आधिकारिक वेबसाइट के साथ ही दिल्ली मेट्रो के 55 स्टेशनों और दिल्ली मेट्रो के ‘सार्थी’ ऐप के माध्यम से टिकट खरीद सकते हैं। मेला सुबह 10 बजे से शाम साढ़े सात बजे तक खुला रहेगा, हालांकि आगंतुक शाम साढ़े पांच बजे तक ही प्रवेश कर सकते हैं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला