जनवरी 12, 2026 8:47 अपराह्न

printer

भारत बुधवार को राष्ट्रमंडल देशों की राष्ट्रीय संसदों के अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों के 28वें सम्मेलन की मेज़बानी करेगा

भारत बुधवार को राष्ट्रमंडल देशों की राष्ट्रीय संसदों के अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों के 28वें सम्मेलन – सी.एस.पी.ओ.सी की मेज़बानी नई दिल्‍ली में करेगा। तीन दिन का यह सम्मेलन 16 जनवरी तक चलेगा। इस सम्मेलन का उद्देश्य संसदीय लोकतंत्र की समझ को बढ़ावा देना, संसदों में निष्पक्षता बनाए रखना और संसदीय संस्थाओं का विकास करना है। इस सम्‍मेलन के अध्‍यक्ष लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला हैं।
 
नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए ओम बिरला ने कहा कि पहले दिन स्थायी समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। 28वीं सी.एस.पी.ओ.सी के अध्यक्ष के रूप में, श्री बिरला सी.एस.पी.ओ.सी स्थायी समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। श्री बिरला ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 जनवरी को संविधान सदन के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल में सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। वह कॉमनवेल्थ और स्वायत्त संसदों के अध्‍यक्ष और पीठासीन अधिकारियों के साथ अनौपचारिक रूप से बातचीत भी करेंगे। श्री बिरला ने कहा कि सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संसद में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग, प्रतिभागियों के बीच सर्वोत्तम प्रथाओं और नवीन विचारों को साझा करना, सांसदों पर सोशल मीडिया का प्रभाव, संसद के बारे में जनता की समझ बढ़ाना और सांसदों की सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा कल्याण जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
 
यह ऐतिहासिक आयोजन भारत की लोकतांत्रिक और संसदीय यात्रा में एक गौरवपूर्ण क्षण है। इसके समापन के बाद, लोकसभा अध्यक्ष सी.एस.पी.ओ.सी की अध्यक्षता यूके हाउस ऑफ कॉमन्स के स्पीकर लिंडसे होयल को सौंप देंगे।