अगस्त 13, 2025 6:26 पूर्वाह्न

printer

भारत ने बांग्लादेश से कुछ जूट उत्पादों और रस्सियों के आयात पर तत्काल प्रभाव से लगाया प्रतिबंध

भारत ने सभी स्थल मार्गों से बांग्लादेश से कुछ जूट उत्पादों और रस्सियों के आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जूट के कपड़े, सुतली, रस्सियां और थैले जैसी वस्तुएं अब केवल महाराष्ट्र के न्हावा शेवा बंदरगाह से ही भारत आ सकती हैं। इस कदम का उद्देश्य गुणवत्ता नियंत्रण या घरेलू उद्योगों का संरक्षण करना है। प्रतिबंधित उत्पादों में जूट या अन्य रेशों के हल्के रंगों वाले या रंगीन बुने हुए कपड़े, सुतली, डोरी, जूट की रस्सी, जूट के बोरे और थैले शामिल हैं। भारत-बांग्लादेश सीमा पर किसी भी भू-पत्तन से बांग्लादेश से इन उत्पादों के आयात की अनुमति नहीं होगी।

 

इससे पहले 27 जून को भारत ने सभी स्थल मार्गों से बांग्लादेश से कई जूट उत्पादों और बुने हुए कपड़ों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया था। हालांकि, महाराष्ट्र के न्हावा शेवा बंदरगाह से उनके आयात की अनुमति थी।