अगस्त 2, 2025 1:37 अपराह्न

printer

भारत ने पिछले वर्ष किए 18,900 अंग प्रत्यारोपण, एक वर्ष में अब तक की सर्वाधिक संख्या: केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज कहा कि पिछले वर्ष देश ने लगभग 18,900 प्रत्यारोपण करके एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। यह किसी एक वर्ष में सर्वाधिक है।

 

नई दिल्ली में 15वें अंगदान दिवस को संबोधित करते हुए, श्री नडडा ने कहा कि 2023 में तीन लाख से अधिक नागरिकों ने राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (NOTTO) के माध्यम से अंगदान करने का संकल्प लिया है। उन्‍होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि अंग प्रत्यारोपण में भारत विश्व स्तर पर तीसरे स्थान पर है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि अंगदान मानवता के सबसे महान कार्यों में से एक है। श्री नड्डा ने कहा कि प्रत्येक अंगदाता एक मूक नायक है जिसका निस्वार्थ कार्य दुःख को आशा में और क्षति को जीवन में बदल देता है।

 

कार्यक्रम के दौरान, श्री नडडा ने विभिन्न अंगदाताओं और विभिन्न अंग प्राप्तकर्ताओं के परिवारों को भी सम्मानित किया। श्री नड्डा ने एनओटीटीओ की वार्षिक रिपोर्ट, ई-न्यूजलेटर और अंगदान जागरूकता, आयुर्वेद और योग के माध्यम से अंग स्वास्थ्य तथा राज्यों द्वारा अपनाई गई सर्वोत्तम प्रथाओं पर तीन जागरूकता पुस्तिकाएं भी जारी कीं।