अगस्त 4, 2025 7:41 अपराह्न

printer

भारत ने नेपाल में एक नई पहल शुरू की

भारत ने नेपाल में चावल संवर्धन और आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन को मज़बूत करने के लिए संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम के सहयोग से एक नई पहल शुरू की है। यह पहल भारत-संयुक्त राष्ट्र वैश्विक क्षमता निर्माण पहल का हिस्सा है। इसे शुक्रवार को विदेश मंत्रालय ने नई दिल्‍ली में शुरू किया था।

    यह परियोजना भारत की सफल सार्वजनिक वितरण प्रणाली के साथ नेपाल के संवर्धन चावल आपूर्ति श्रृंखला, विशेष रूप से खरीद प्रक्रियाओं, डेटा संग्रह और कुशल कार्यबल में कमियों को दूर करेगी। यह परियोजना नेपाल के हितधारकों को कुशल खाद्य आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन के लिए डिजिटल तकनीकों का लाभ उठाने में भारत के अनुभव से सीखने का अवसर प्रदान करती है। इसके प्रमुख क्षेत्रों में लाभार्थी प्रबंधन, भंडारण और वितरण मॉडल, निगरानी और मूल्यांकन प्रणालियाँ; और शिकायत निवारण तंत्र शामिल होंगे।

    यह परियोजना 12 महीनों की अवधि में तीन चरणों में क्रियान्वित की जाएगी। पहला चरण आवश्यकताओं के आकलन और हितधारक जुड़ाव पर केंद्रित होगा। दूसरे चरण में नेपाली अधिकारियों के लिए भारत का एक अध्ययन दौरा शामिल होगा। इसमें व्यावहारिक प्रदर्शन और विशेषज्ञ ब्रीफिंग शामिल होगी। तीसरा और अंतिम चरण एक कार्य योजना के विकास पर केंद्रित होगा।

    भारत-संयुक्त राष्ट्र वैश्विक क्षमता निर्माण पहल की घोषणा सितंबर 2023 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 78वें सत्र में की गई थी।

    यह परियोजना भारत और नेपाल के बीच मजबूत और विकास साझेदारी को दर्शाती है। पिछले वित्तीय वर्ष में नेपाल ने भारत से 5 लाख मीट्रिक टन बासमती चावल का आयात किया था। 2023 में बासमती और गैर-बासमती चावल दोनों का आयात 8 लाख मीट्रिक टन से अधिक था।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला