भारत ने डेविस कप टेनिस के क्वालीफायर के दूसरे राउंड में प्रवेश कर लिया है। बेंगलुरु में कल भारत ने नीदरलैंड्स को 3-2 से हराया। भारत के दक्षिणेश्वर सुरेश ने दोनों सिंग्ल्स मैच जीते और युकी भांबरी के साथ डब्ल्स मैच भी अपने नाम किया। निर्णायक रिवर्स सिंग्ल्स में सुरेश ने गाइ डी ओडेन को 6-4, 7-6 से हराया। इससे पहले, सुरेश और भांबरी ने डब्ल्स में 7-6, 3-6, 7-6 से जीतकर भारत को 2-1 की बढ़त दिलायी। लेकिन सुमित नागल अपने दोनों सिंग्ल्स मैच हार गए।
वर्ष 2019 में डेविस कप के नए प्रारूप की शुरुआत के बाद भारत पहली बार क्वालीफायर के दूसरे राउंड में पहुंचा है। सितंबर में डेविस कप क्वालीफायर के दूसरे राउंड में भारत का मुकाबला दक्षिण कोरिया से होगा।