भारत ने आज ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज से अग्नि-3 मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया। सामरिक बल कमान की देखरेख में किए गए इस परीक्षण का उद्देश्य मिसाइल प्रणाली की परिचालन और तकनीकी तैयारियों की जांच करना था। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षण में सभी मापदंडों का सफलतापूर्वक सत्यापन किया गया। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन द्वारा विकसित अग्नि-3 ठोस ईंधन से चलने वाली बैलिस्टिक मिसाइल है जिसकी मारक क्षमता तीन हजार किलोमीटर से अधिक है। यह मिसाइल पारंपरिक और परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है।
अग्नि-3 मिसाइल प्रणाली को 2011 से सामरिक बल कमान में शामिल किया गया है। सफल परीक्षण भारत के सामरिक प्रतिरोध को मजबूत करने और उच्च स्तर की परिचालन तत्परता बनाए रखने पर निरंतर ध्यान केंद्रित करना दर्शाता है।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस परीक्षण ने सभी परिचालनगत और तकनीकी मानक को सही साबित किया। मंत्रालय ने यह भी बताया कि यह परीक्षण सामरिक बल कमान की देखरेख में किया गया।