विदेश मंत्रालय ने आज अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता पर भारत के बारे में अमरीकी आयोग की प्रेरित और पक्षपातपूर्ण नवीनतम रिपोर्ट को खारिज कर दिया है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अमरीकी आयोग ने वस्तुनिष्ठ तथ्यों के बजाय संदिग्ध स्रोतों और वैचारिक कथनों पर भरोसा करते हुए भारत की विकृत छवि प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि बार-बार इस तरह के किए जाने वाले गलत चित्रण आयोग की विश्वसनीयता को ही कमज़ोर करते हैं।
श्री जायसवाल ने कहा कि आयोग को इस तरह की गलत आलोचना के बजाय अमरीका में हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ और हमलों तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के प्रति बढ़ती असहिष्णुता और धमकियों पर विचार करना चाहिए।