अक्टूबर 15, 2025 11:54 पूर्वाह्न

printer

भारत निर्विरोध चुना गया संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में तीन वर्षीय कार्यकाल के लिए (2026–2028)

भारत को 2026 से 2028 तक संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए निर्विरोध चुना गया है। भारत का सातवीं बार परिषद के लिये निर्विरोध चयन हुआ है। महासभा द्वारा कल भारत के चयन की घोषणा के बाद, संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि – पी. हरीश ने कहा कि यह चुनाव मानवाधिकारों और मौलिक स्वतंत्रता के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता दर्शाता है। श्री हरीश ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत अपने कार्यकाल के दौरान इन लक्ष्यों के प्रति हर संभव प्रयास करेगा। उन्होंने समर्थन के लिए सभी प्रतिनिधिमंडलों का आभार व्यक्त किया।

47 सदस्यों की मानवाधिकार परिषद संयुक्त राष्ट्र का एक प्रमुख निकाय है। यह विश्व में मानवाधिकारों को बढ़ावा और संरक्षण  के लिये कार्यरत है। महासभा ने 2006 में परिषद का गठन किया था, तब भारत अपने पहले कार्यकाल के लिए चुना गया था।