सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल ने कहा कि सरकार ने सहकारी मॉडल पर आधारित एक नया राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म ‘भारत टैक्सी’ लॉन्च किया है, जिसका उद्देश्य चालकों को सशक्त बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि उनकी कमाई सीधे उनके खातों में जाए। राज्यसभा में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री पाल ने कहा कि भारत टैक्सी का लक्ष्य युवाओं के लिए रोजगार के अवसर प्रदान करना और साथ ही देश भर में भारत टैक्सी के सार्थियों की गरिमा और आय में सुधार करना है।
उन्होंने कहा कि इस मॉडल के अंतर्गत चालक न केवल बेहतर कमाई करेंगे बल्कि सहकारी प्रणाली के भीतर निर्णय लेने में भी उनकी भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफॉर्म यात्रियों को किफायती और विश्वसनीय टैक्सी सेवाएं प्रदान करने के लिए बनाया गया है। उन्होंने सदन को सूचित किया कि इस पहल की घोषणा सर्वप्रथम 6 जून, 2025 को की गई थी और भारत टैक्सी मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड का पंजीकरण हुआ था, जिसके बाद 5 फरवरी, 2026 को औपचारिक रूप से इस प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया गया।
श्री कृष्णपाल ने कहा कि इस परियोजना के पीछे का दृष्टिकोण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोच के अनुरूप है, जिन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि चालकों की मेहनत से कमाई गई आय किसी एक निजी संस्था के पास जाने के बजाय सीधे उनके बैंक खातों में जानी चाहिए।