मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

नवम्बर 1, 2025 6:31 पूर्वाह्न

printer

भारत को “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत तीन गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत ने “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत तीन गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाये हैं। 17 सितंबर से दो अक्‍तूबर तक चले इस अभियान में अभूतपूर्व सामुदायिक भागीदारी रही। इस पहल से कई रिकॉर्ड बने, जिसमें एक महीने में स्वास्थ्य सेवा प्लेटफ़ॉर्म पर पंजीकरण कराने वाले 3 करोड़ 21 लाख से अधिक लोग शामिल हैं। अभियान में एक हफ़्ते 9  लाख 94 हज़ार से ज़्यादा महिलाओं ने स्तन कैंसर की ऑनलाइन जाँच के लिए पंजीकरण कराया जो कि एक रिकॉर्ड है। 

 

इसके अलावा, राज्य स्तर पर एक सप्ताह में रिकॉर्ड 1 लाख 25 हजार लोगों ने विभिन्‍न रोगों के लक्षणों की जांच के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इस अभियान में 20 से ज़्यादा मंत्रालयों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिसमें केंद्र सरकार के संस्थान, मेडिकल कॉलेज और निजी संगठन शामिल थे।
    

 

इस अभियान में 5 लाख से ज़्यादा पंचायती राज प्रतिनिधियों, 1 करोड़ 14 लाख स्कूल और कॉलेज के छात्रों, 94 लाख स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों और 5 लाख अन्य सामुदायिक केन्‍द्रों के सदस्यों ने भाग लिया। ये उपलब्धियां भारत के सामूहिक प्रयास का प्रमाण हैं, जिसमें सरकारी प्रणाली, डिजिटल स्वास्थ्य नवाचार और सामुदायिक भागीदारी को मिलाकर एक स्वस्थ महिला, सशक्त परिवार और विकसित भारत का निर्माण किया गया है।