अक्टूबर 6, 2025 1:46 अपराह्न

printer

भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी: केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज कहा कि भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। आज नई दिल्ली में 20वें फिक्की उच्च शिक्षा शिखर सम्मेलन 2025 को संबोधित करते हुए, श्री गडकरी ने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की आकांक्षा रखता है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शिक्षा क्षेत्र को मज़बूत करना महत्वपूर्ण है। उन्‍होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि किसी भी देश की प्रगति के लिए शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। श्री गडकरी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत में दुनिया में सबसे अधिक युवा, प्रतिभाशाली, प्रशिक्षित और कुशल इंजीनियरिंग जनशक्ति मौजूद है। उन्होंने शिक्षा, अनुसंधान और भविष्योन्मुखी विकास को प्राथमिकता देने पर ज़ोर दिया। उन्‍होंने भारत को एक आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के लिए सभी से अपशिष्ट से धन और ज्ञान से धन के मंत्र के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया।