केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में भारत के पहले सहकारी आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म-भारत टैक्सी का औपचारिक शुभारंभ किया। भारत टैक्सी, बहुराज्य सहकारी समिति अधिनियम, 2002 के तहत पंजीकृत भारत का पहला सहकारी नेतृत्व वाला राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। यह प्लेटफॉर्म बिना किसी कमीशन और बिना अतिरिक्त शुल्क के मूल्य निर्धारण मॉडल पर काम करता है, जिसका सीधा लाभ ड्राइवरों को मिलता है। यह विदेशी निवेश पर आधारित एग्रीगेटर प्लेटफॉर्मों का एक स्वदेशी विकल्प प्रस्तुत करता है।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री शाह ने कहा कि सरकार टैक्सी सेवा क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर रही है, बल्कि सहकारी समितियां इस क्षेत्र में शामिल हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सहकारी टैक्सी सेवा ड्राइवरों का समर्थन करेगी, उनकी आमदनी बढ़ाएगी और उनके लिए समृद्धि लाएगी। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री शाह ने कहा कि भारत टैक्सी ड्राइवरों द्वारा अर्जित किराए पर कोई कमीशन नहीं लेगी।
इस अवसर पर, परिचालन एकीकरण, डिजिटल सशक्तिकरण, सुरक्षा और सेवा वितरण को मजबूत करने के लिए प्रमुख सार्वजनिक तथा निजी हितधारकों के साथ नौ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया।