जनवरी 31, 2026 10:06 अपराह्न

printer

भारत के किसानों ने कड़ी मेहनत और लगन से देश की दिशा और दशा दोनों बदल दी: शिवराज सिंह चौहान

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारत के किसानों ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से देश की दिशा और दशा दोनों बदल दी है।

    छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी में आयोजित किसान मेले को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाना जरूरी है। इसके लिए किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ नई तकनीकों, उन्नत बीजों और फलों, फूलों, सब्जियों तथा औषधीय फसलों की खेती को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर हर संभव कदम उठाएंगी।

    नकली उर्वरकों और बीजों की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री चौहान ने कहा कि खराब बीजों की आपूर्ति करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संसद के आगामी सत्र में एक बीज अधिनियम लाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इसी तर्ज पर एक कीटनाशक अधिनियम भी पेश किया जाएगा।

    इस कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले युवा प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया।