केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारत की विद्युत स्थापन उत्पादन क्षमता वर्ष 2014 के 249 गीगावाट से बढ़कर 2025 में 510 गीगावाट से अधिक हो गई है, जो दोगुने से भी ज्यादा है। कल नई दिल्ली में भारत विद्युत सम्मेलन-2026 के पूर्वालोकन में श्री मनोहर लाल ने कहा कि भारत विद्युत आधिक्य के नए युग में पहुंच गया है, जो विश्वसनीयता, सुलभता और अनुकूलता से परिभाषित है। उन्होंने कहा कि भारत अब विश्व का तीसरा सबसे बड़ा बिजली उत्पादक और उपभोक्ता देश बन गया है। स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में हुई प्रगति की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि देश की गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता 2014 के 32 प्रतिशत से बढ़कर वर्ष 2025 में 52 प्रतिशत हो गई है।
भारत विद्युत सम्मेलन-2026 नई दिल्ली में 19 से 22 मार्च तक आयोजित होगा। चार दिन के इस वैश्विक सम्मेलन में नीति निर्माता, औद्योगिक जगत, निवेशक और विशेषज्ञ विद्युत मूल्य श्रृंखला के समग्र पहलुओं पर चर्चा के लिए एकत्रित होंगे।
श्री मनोहर लाल ने कहा कि यह सम्मेलन भारत की विद्युत शक्तियों को वैश्विक दृष्टिकोण से जोड़कर देश के सतत विद्युत भविष्य को आकार देगा।