अगस्त 7, 2025 8:20 पूर्वाह्न

printer

भारत की अन्नू रानी ने पोलैंड में महिलाओं की अंतर्राष्ट्रीय विएस्लाव मनियाक स्मारक एथलेटिक्स भाला फेंक प्रतियोगिता में स्‍वर्ण पदक जीता

भारत की अन्नू रानी ने पोलैंड में अंतर्राष्ट्रीय विएस्लाव मनियाक स्मारक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में स्‍वर्ण पदक जीता है। उन्‍होंने 62 दशमलव पांच नौ मीटर भाला फेंककर इस सीज़न का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

 

32 वर्षीय एशियाई चैंपियन अन्नू ने पहले प्रयास में 60 दशमलव नौ छह मीटर भाला फेंककर शानदार शुरुआत की। अन्‍नू ने दूसरे प्रयास में 62 दशमलव पांच नौ मीटर की उपलब्धि हासिल की।

 

तुर्की की एडा तुगसुज ने 58 दशमलव तीन छह मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। ऑस्ट्रेलिया की लियाना डेविडसन को इस स्‍पर्धा का कांस्य पदक मिला।

 

इस प्रदर्शन के साथ अन्नू इस सीज़न में दुनिया की शीर्ष 15 महिला भाला फेंक खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं। अब उनका लक्ष्य अगले महीने टोक्यो में होने वाली 2025 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए 64 मीटर का क्वालीफिकेशन मानक हासिल करना है।

 

एक अन्‍य स्‍पर्धा में भारत की पूजा महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में तीसरे स्थान पर रहीं। उन्‍होंने दो मिनट दो दशमलव नौ पांच सेकंड में यह दूरी तय की। जिस्ना मैथ्यू महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में 54 दशमलव एक दो सेकंड का समय लेकर छठे स्थान पर रहीं।