भारत और भूटान के बीच आज आपसी साझेदारी को और मजबूती प्रदान करने के लिए आपसी हित के कई समझौते हुए। थिंपू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे की उपस्थिति में इन समझौतों पर हस्ताक्षर किये गये।
दोनों पक्षों के बीच पेट्रोलियम और तेल की आपूर्ति, ऊर्जा दक्षता में सहयोग, खेल और युवाओं तथा औषधीय उत्पादों के परीक्षण से संबंधित कई समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त अंतरिक्ष सहयोग पर एक संयुक्त कार्ययोजना पर भी सहमति बनी। भारत के राष्ट्रीय ज्ञान नेटवर्क और भूटान के ड्रुक रिसर्च एंड एजुकेशन नेटवर्क के बीच सहकर्मी समझौते के नवीनीकरण का भी आदान-प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थिम्पू में भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से भी बातचीत की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
श्री मोदी आज सुबह पारो पहुंचे। हवाईअड्डे पर भूटान के नरेश शेरिंग टोबगे ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और भूटान के चौथे राजा जिग्मे सिंग्ये वांगचुक से मुलाकात करेंगे। श्री मोदी कल थिम्पू में ग्यालत्सुएन जेत्सुन पेमा मातृ एवं शिशु अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। यह एक अत्याधुनिक अस्पताल है, जो थिम्पू में भारत की सहायता से बनाया गया है।