मार्च 2, 2026 8:53 अपराह्न

printer

भारत और फिलीपींस ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों का आकलन किया

भारत और फिलीपींस ने आज हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों का आकलन किया और समुद्री कानून पर अपने विचार साझा किए। दूसरा भारत-फिलीपींस समुद्री संवाद आज नई दिल्ली में आयोजित किया गया।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में निरस्त्रीकरण और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के संयुक्त सचिव मुआनपुई सैयावी ने किया।

फिलीपींस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के समुद्री और महासागरीय मामलों के कार्यालय के कार्यवाहक सहायक सचिव इमैनुअल डोनाटो गुज़मैन ने किया।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र, सहित बहुपक्षीय तंत्रों पर सहयोग के अवसरों पर विचार-विमर्श किया। इनमें एशिया में जहाजों के खिलाफ समुद्री डकैती और सशस्त्र लूटपाट से निपटने पर क्षेत्रीय सहयोग समझौता-री.सी.ए.ए.पी और हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी-आई.ओ.एन.एस शामिल है।

फिलीपींस की आसियान अध्यक्षता के दौरान आसियान मंचों पर सहयोग और आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष पर भी विचार-विमर्श किया गया।

दोनों देशों ने समुद्री अर्थव्यवस्था, समुद्री क्षेत्र की जागरूकता, नौसेना और तटरक्षक बल की सहभागिता, साथ ही नाविकों के सहयोग जैसे क्षेत्रों में अपने साझा प्रयासों को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

दोनों देशों ने समुद्री वैज्ञानिक अनुसंधान, मानवीय सहायता और आपदा राहत और आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान की चुनौतियों को कम करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर भी सहमति जताई।