नवम्बर 27, 2025 4:37 अपराह्न

printer

भारत और इंडोनेशिया ने दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी और गहन द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की पुष्टि की

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और इंडोनेशिया के रक्षामंत्री सजाफ्री सजामसोएद्दीन ने आज नई दिल्ली में तीसरे भारत-इंडोनेशिया रक्षा मंत्रियों की वार्ता की सह-अध्यक्षता की। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी और गहन द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की पुष्टि की। बैठक में दोनों देशों ने अंतर्राष्ट्रीय कानून और संप्रभुता के सम्मान के आधार पर एक स्वतंत्र, मुक्‍त, शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र बनाए रखने के महत्व पर बल दिया।

 

भारत और इंडोनेशिया ने हिंद महासागर रिम एसोसिएशन जैसे बहुपक्षीय ढाँचों के माध्यम से सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। दोनों नेताओं ने समुद्री क्षेत्र जागरूकता, साइबर सुगमता और संयुक्त परिचालन तत्परता में व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

वार्ता के दौरान, इंडोनेशिया ने प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, अनुसंधान और विकास, प्रमाणन सामंजस्य और आपूर्ति-श्रृंखला संबंधों के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के लिए एक संयुक्त रक्षा उद्योग सहयोग समिति गठित करने के भारत के प्रस्ताव की सराहना की। दोनों देशों ने सुपर गरुड़ शील्ड, गरुड़ शक्ति, समुद्र शक्ति और मिलन सहित थल, समुद्री और वायु सेनाओं की संयुक्त अभ्यासों में अपनी प्रगति का भी उल्‍लेख किया।

 

भारत और इंडोनेशिया ने हिंद महासागर में समन्वय सहित समुद्री सुरक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों देशों ने रक्षा चिकित्सा और औषधि क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा की। दोनों देशों ने फ़िलिस्तीन में न्यायसंगत और स्थायी शांति के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला