भारत और इंडोनेशिया के बीच जकार्ता में संयुक्त विशेष बल अभ्यास, गरुड़ शक्ति-24 के 9वें संस्करण की आज शुरूआत होगी। इसमें शामिल होने के लिए भारतीय सेना की 25 सैनिकों की टुकड़ी जकार्ता के लिए रवाना हो गई।
यह अभ्यास आज से 12 तारीख तक होगा। भारतीय टुकड़ी का प्रतिनिधित्व पैराशूट रेजिमेंट और इंडोनेशियाई टुकड़ी का प्रतिनिधित्व विशेष बल कोपासस कर रहा है।
इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों को एक-दूसरे की संचालन प्रक्रियाओं से परिचित कराना तथा दोनों सेनाओं के विशेष बलों के बीच आपसी समझ और सहयोग को बढ़ाना है। इस अभ्यास के अंतर्गत विशेष अभियानों की योजना बनाना और उन्हें क्रियान्वित करना शामिल है। इसमें दोनों देश विशेष बलों के कौशल को वृद्धि के लिए हथियार, उपकरण, रणनीति और तकनीक से संबंधति जानकारी साझा करेंगे।
इसमें जंगल के इलाकों में विशेष बलों के संचालन का संयुक्त अभ्यास भी शामिल है। इस अभ्यास में सैन्य सहयोग को बढ़ावा देने के लिए दोनों देशों की जीवनशैली और संस्कृति से जुडी जानकारी साझा की जाएगी। इस साझा सुरक्षा अभ्यास से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को भी बढ़ावा मिलेगा।