अमरीका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने वॉशिंगटन में अमरीका के आर्थिक मामलों के उप-मंत्री जैकब एस० हेलबर्ग से मुलाकात की और आपसी हित के व्यापार समझौते तथा प्रौद्योगिकी सहयोग पर विचार-विमर्श किया।
सोशल मीडिया पोस्ट में विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि व्यापार समझौता, रणनीतिक व्यापार संवाद और प्रौद्योगिकी सहयोग सहित द्विपक्षीय आर्थिक मुद्दों पर व्यापक बातचीत हुई। जैकब एस० हेलबर्ग पहले व्हाईट हाऊस में आर्थिक सलाहकार परिषद में सलाहकार थे।
अमरीका वर्ष 2024-25 में एक खरब 31 अरब अमरीकी डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार के साथ लगातार चौथी बार भारत का सबसे बड़ा व्यापार साझीदार रहा है। इसमें भारत का कुल वस्तु निर्यात लगभग 18 प्रतिशत और देश का कुल व्यापार दस दशमलव सात-तीन प्रतिशत शामिल हैं।