मई 4, 2025 2:17 अपराह्न

printer

भारत और अंगोला आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध: जोआओ मनुअल गोंजाल्‍वेस लोरेंसो

अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मनुअल गोंजाल्‍वेस लोरेंसो ने कहा है कि भारत और अंगोला आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नई दिल्ली में आज भारत-अंगोला व्यापार मंच में उन्होंने कहा कि जेनेरिक दवाओं में विशेषज्ञता प्राप्‍त भारत एक प्रमुख साझेदार है।

   

 

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि भारत-अंगोला द्विपक्षीय संबंध जीवंत ऊर्जा साझेदारी पर आधारित हैं। उन्‍होंने कहा कि वर्ष 2023-24 में दोनों देशों के बीच व्यापार चार अरब बीस करोड़ डॉलर तक पहुंच गया था। श्री कीर्ति वर्धन ने कहा कि अंगोला ने अपने बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और व्यापार करने में सुगमता की दिशा में सुधार के साथ वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति मजबूत की है।

 

 

उन्होंने कहा कि अंगोला अब अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन का 123वां सदस्य बन गया है। श्री कीर्ति वर्धन ने कहा कि भारत ने रक्षा तथा सुरक्षा सहयोग और मजबूत करने के लिए अंगोला को 20 करोड़ डॉलर की ऋण सहायता की स्‍वीकृति दी है।